Tuesday, 23 April 2019

दाग

दाग 

रूह पर मैं का दाग आ जाता है
जब दिलों में दिमाग आ जाता है।

कुछ हम, मैं बन जाता है 
और कुछ तुम, वो हो जाता है।

रातें नरगिसी थी कभी, अब स्याह है
तेरे रुख़ से उतरा नकाब, अब तेरा कँहा हैं 

रूह पर मैं का दाग आ जाता है
जब दिलों में दिमाग आ जाता है।

मुझमें बसा वो तेरा शहर, वीरान था 
तेरी खुशबू में अब न वो मक़ाम था 

मुझ में रह कर वो मेरा साया बन जाता है 
बेसाख्ता ज़िन्दगी बस एक नाम रह जाता है 

रूह पर मैं का दाग आ जाता है
जब दिलों में दिमाग आ जाता है।

-- क्षितिज

Friday, 12 April 2019

मृत्यु

मृत्यु 


अनजान हम उससे, वो जानती सबको |

न चेतावनी, न आहट
न अधिकार, न प्रार्थना से |

ले जाती हमे,
हमारे प्रियजनों के पास से |

कैसी वो,
न पहचानते हम उसको |

सत्य वो,
श्वेत वो |

मोहमाया का त्याग वो,
नए जीवन का अनुराग  वो |

जीर्णता की समाप्ति वो,
नवीनता का प्रमाण वो |

अनोखी वो,
अबूझ वो |
सांसारिक दुखो की इति वो,
कैसी वो, त्रिकालदर्शी वो |

रिश्तों को तोड़ती,
नए भावों को जोड़ती |
समस्याएं सुलझाती,
विषमताएं घटाती |

अनोखी वो,
पारलौकिक वो |

सांसों को थामती,
ह्रदय को बांधती |

रक्त में नहाती,
जिजीविषा को पछाड़ती |

त्याग वो,
तप का प्रताप वो |

सत्य वो,
श्वेत वो |

न मिलावट, न थकावट
उज्जवल वो, उद्विग्न वो |

ग्रीष्म में तुषारपात,
जीवन का अंतिम उपवास |
पुरातन का अंत,
नवीनता का प्रारम्भ वो |

जीवन का सार,
मोक्ष का द्वार वो |

-- क्षितिज

Tuesday, 9 April 2019

बादल

हर कोई समंदर नहीं होता , मेरी आँखों सा वो सुन्दर नहीं होता
बह निकला है वो बारिशो मे, तेज झरना कभी बादल नहीं होता |
                                                                      क्षितिज

बे-ख्याली

मेरे पैरहनों से अगर मेरे ख्याल ज़ाहिर हो, तो समझो कि मैं बे-ख्याली में हूँ....
मेरे अल्फ़ाज़ों के शज़र बिखर जाए, तो समझो की मैं बेख्याली में हूँ....

वो अपने किरदार में इतराये, ओर हम समझ भी न पाएं तो समझो की मैं बेख्याली में हूँ...

क्षितिज

मेरा रिसाल

मेरा रिसाल

अभी तो तेरी चाहतों के मेले थे
अभी तो तेरी यादों के रेले थे

मै साहिल पर खड़ा कश्तियों में
तेरी यादों की बस्तियों में

वो मेरी जुबां की बात थी
जो तेरी नज़र का राज़ थी

मै नहीं सही तू ही बता
तुझ में रहा यही मेरी खता

मेरा आसमां भी लाल था
तुझ में ही मेरा रिसाल था

वो चमकते चाँद की रौशनी
दिन के उजाले को ढक गयी

तेरी चाहतों की रौशनी
कुछ यो हर्फों में बदल गयी

अभी तो तेरी चाहतों के मेले थे
अभी तो तेरी यादों के रेले थे

----- क्षितिज

रहमतें

रहमतें

मेरे ख्वाबों में तेरी रिहाइश थी
हर  चांदनी रात की एक तू ही फरमाइश थी

मुझ में तेरा अक्स था
और तू मेरी परछाई थी

तेरे लाल सुर्ख होटों की कसम
मेरी मुहब्बत तेरी पैमाइश थी

मुझ पर तेरी रहमतें काब्बिज़ रही
मेरी तनहइयां तेरी आवाज़ की नुमाइश थी

मेरे ख्वाबों में तेरी रिहाइश थी
हर  चांदनी रात की एक तू ही फरमाइश थी
----- क्षितिज

इंतज़ार

 इंतज़ार

इस इंतज़ार का भी अपना ही मज़ा है
मेरी सज़ा में तेरी रज़ा है

मुझको तेरी चाहतों से पर्दा नहीं
तेरी खुशबू में महकना ही मेरी वफ़ा है

मुझे इस शहर ने बदनाम किया तेरा नाम लेकर
मेरी साँसों में महकता वो तेरा ही नशा है

उस तेज़ हवा ने मुझे रुला दिया
मुझ में बाकी वो तेरा नाम मिटा दिया

मै रहा तुझ में तुझ जैसा
और आईने ने मुझे तेरा अक्स बता दिया

वो तेरी निगाहों की सुर्ख रौशनी के साए
मेरी वफ़ा है या तेरी रज़ा है

इस इंतज़ार का भी अपना ही मज़ा है
मेरी सज़ा में तेरी रज़ा है
----- क्षितिज

जानती हो !


इसे आप कविता भी कह सकते है या फिर ग़ज़ल भी लेकिन ये जो भी लिखा है मैंने ये मेरी डेढ़ साल की बेटी के लिए लिखा है |


जानती हो !

जानती हो !
तुम बहुत खास हो
मेरे सबसे पास हो |

महकती हो मेरी सांसो में
रहती हो मेरी बाँहो में |

मेरी अधूरी प्यास हो
मेरे सपनो की आस हो |

जानती हो !
तुम बहुत खास हो
मेरे सबसे पास हो |

मेरे सांसो की डोर हो
मेरे शब्दों का बोल हो |

मेरी मुस्कराहट का राज हो
तुम मेरा हर एक एहसास हो |

जानती हो !
तुम बहुत खास हो
मेरे सबसे पास हो |


----- क्षितिज

तुम्हारे ख्याल

तुम्हारे ख्याल --

तकिये के नीचे दबाकर रखें हैं तुम्हारे ख्याल
एक तस्वीर,बेपनाह इश्क़ और कई साल

रात के रतजगे, खुशबुओं के वो झोकें
और तेरी यादों के जुगनू बेमिसाल

मेरे पैरहनों में उलझे, तेरे आँचल में सिमटे
मेरे सपने, और तेरे खूबसूरत ख्याल

तकिये के नीचे दबाकर रखें हैं तुम्हारे ख्याल
एक तस्वीर,बेपनाह इश्क़ और कई साल

तुमसे मुझ तक आते, और मुझसे तुम तक जाते
वो बेपनाह खुशबू में डूबे मेरे ख़त और तेरे सवाल

धूप की चाँदनी, और वो रात के जलते सूरज
मेरी दूरियाँ और तेरे वो नाराज़ ख्याल

तकिये के नीचे दबाकर रखें हैं तुम्हारे ख्याल
एक तस्वीर,बेपनाह इश्क़ और कई साल

क्षितिज --