Monday, 29 November 2021

रात का साथ



 

रात का साथ


मुझे रात पसन्द है तेरी आँखों के साथ 

तेरा साथ पसंद है, तेरी बातों के साथ


हुस्न का शिज़रा लिखा जायेगा जब जब

मेरा नाम आयेगा, तेरी यादों के साथ


वक़्त की ज़रूरत है लम्हे महफूज़ रखना

आंखों के दरम्यां, किताबों के साथ


मेरी कायनात पूछती है तेरी खुशबुओं के रंग

लहू में लिपटे हुये, तेरे अरमानों के साथ


वक़्त ज़ाया न कर यूँ बाज़ार में घूम कर

आ मेरे आगोश में, मेरे ख्वाबों के साथ


मुझे रात पसन्द है तेरी आँखों के साथ 

तेरा साथ पसंद है, तेरी बातों के साथ


ज़मी सरक रही है बादलों की माफ़िक

मुझे थाम ले, तेरी आदतों के साथ


कहाँ गये वो, मुझे अपना कहने वाले

जो मेरे साथ थे, तेरी बातों के साथ


अब नये पैरहन भी, हुये पुराने

इन नये जंगलों में, पुराने दरख्तों के साथ


मुझे रात पसन्द है तेरी आँखों के साथ 

तेरा साथ पसंद है, तेरी बातों के साथ


@क्षितिज

Thursday, 28 October 2021

आसां इश्क़



आसां इश्क़

तुम्हे भी समझ आना चाहिये,
मुझे भी समझ आना चाहिये
ये इश्क़ नहीं आसां,
इसे हो ही जाना चाहिये

जवाबों के सवाल हों
तो ये दिल कंही ठहरता नहीं
तुम मुझसे बोलो कुछ भी
मेरे दिल को सम्हल जाना चाहिये

ये इश्क़ नहीं आसां,
इसे हो ही जाना चाहिये

आंखों की शाइस्तगी
मय की अदायगी
आज मुझें तुझमें पिघल जाना चाहिये
इन प्यालों को हाथों से फिसल जाना चाहिये

ये इश्क़ नहीं आसां
इसे हो ही जाना चाहिये

ये तेरा रहम है जो दिल टूटा
ये मेरा वहम है जो तू रूठा
ज़िन्दगी का हर दस्तूर हो जाना चाहिये
तू, मुझे हर जन्म में मिल जाना चाहिये

ये इश्क़ नहीं आसां,
इसे हो ही जाना चाहिये

वक़्त सपनों से चलता है
ख्वाबों को नींदों में ठहर जाना चाहिये
तेरी महक का हर शज़र
मेरी ग़ज़लों में जुड़ जाना चाहिये

ये इश्क़ नहीं आसां,
इसे हो ही जाना चाहिये

वो वाक़या मुहब्बत का था
जो आंखों से मिला बातों से चला
तस्सवुर, तराशने का हुनर आना चाहिये
मुझे भी पत्थर हो जाना चाहिये

ये इश्क़ नहीं आसां,
इसे हो ही जाना चाहिये

तुम्हे भी समझ आना चाहिये,
मुझे भी समझ आना चाहिये
ये इश्क़ नहीं आसां,
इसे हो ही जाना चाहिये

@क्षितिज


 

Sunday, 29 August 2021

भरत का भारत


भरत का भारत 


अघोषित युद्ध सा, समक्ष है कोई बुद्ध सा

प्रत्यक्ष न कोई प्रहार हो, परन्तु हाथ मे कृपाण हो

सारे मन्तव्य वो जानता, सबको है पहचानता

युद्ध है ये बुद्ध सा, तामसियों के विरुद्ध सा

यत्न और प्रयत्न बड़ा, धीर भी अधीर खड़ा


प्रहार पर प्रहार हो, अब तो जय जयकार हो

वृक्ष की छाया में, निशा की माया में

ज्ञान का फल मिले, सुपात्र को बल मिले

कृष्ण भी हों और राम भी, रावण का विनाश भी

यज्ञ हो अश्वमेघ सा, चक्रव्यूह अभेद सा


अर्जुन को कर्ण मिले, अभिमन्यु स्वछंद लड़े

कृष्ण गीता फिर रचे, राम फिर जन जन में बसे

यक्ष का प्रश्न हो, कृष्ण विराट रूप हो

समय काल दोष न दे, सती को वियोग न दे

शिव के कपाल से, गंगा के प्रसार से 


मोक्ष प्राप्त मनुष्य करे, ध्यान धीरज सुख धरे

समुद्र मन्थन तीव्र हो, विष धीर अमृत अधीर हो

तीक्ष्ण तीव्र ज्ञान से, मोह छुटे अभिमान से

सबका सब कुशल हो, मोक्ष भी सरल हो

प्रभु पाद पंकज में, सान्निध्य हो अयोध्या में 


सरयू में स्नान हो, रुद्र का जाप हो

आर्य पुत्र की जयकार से, त्रिदेवों के सत्कार से

वसुन्धरा के कष्ट मिटे, भरत का भारत सजे

अनन्त कोटि देवों से, सनातन के ब्रह्म लेखों से

विश्व की पिपासा मिटे, चाणक्य का अपमान कटे


गगन भी उद्वेलित हो, किवदंतियों की सहेली हो

भानु के प्रकाश से, धर्म के साम्राज्य से

प्राणियों में प्रेम हो, संकल्पों का केंद्र हो

केसरी ध्वज के योग से, जय भारत के उदघोष से

भरत की जय हो, भारत की विजय हो,

@क्षितिज


 

Friday, 23 July 2021

लाल रिबन से बंधे फूल


 

लाल रिबन से बंधे फूल


तुझसे अच्छा तुझको जानता कौन है
वो मैं हूँ, और तुझको पहचानता कौन हैं 


कभी खिड़कियों पर गुलाबी पर्दे न लगाना
लाल रिबन से बांधे फूलों को, अब पहचानता कौन है 


मेरी शामें रंगीन नहीं थी कभी
वो हुस्न था तेरा, जिसे अब जानता कौन है


मेरी शख्सियत में कई दरख्तों की खुशबू है
अरसा हुआ मिले, अब तुझको मानता कौन है 


न मिल यूँ किसी से की गुम हो जाये तू
शहर के रास्तों में, यूँ जंगल उगाता कौन है


तुझसे अच्छा तुझको जानता कौन है
वो मैं हूँ, और तुझको पहचानता कौन हैं 


आतिशी बातों की तिज़ारत न कर
दिल मे हुस्न रख, आंखों से बताता कौन है 


वक़्त की आँधियाँ, ज़िन्दगी को मोड़ देती है
मुझसे रोज़ मिला कर, तुझको रुलाता कौन है


कलाइयों पर बंधी इन घड़ियों से राब्ता रख
हाथ छूट जाये तो, इन दो सुइयों को मिलवाता कौन है


मुझे तेरी फेहरिस्त में रहना पसंद है
अपनी दवात से पूछ, तेरी कलम से लिखवाता कौन है 


तुझसे अच्छा तुझको जानता कौन है
वो मैं हूँ, और तुझको पहचानता कौन हैं

@क्षितिज

Thursday, 10 June 2021

खुशबुओं की तितलियां



 

खुशबुओं की तितलियां

कुछ  देर, यूँ आँख बंद कर के सोया भी करो
किताब लिखते लिखते, कभी रोया भी करो 

खुशबुओं की तितलियां, रात महफ़िल में कुछ यूँ आई
महकते हुए तकियों से, मेरे ख्वाब भिगोया भी करो

हर ग़ज़ल होती है, एक कहानी एक फ़लसफ़ा
गोया कभी इसको अपने सीने में पिरोया भी करो

महकती चाँदनी, जब सूरज की पत्तियां जलाती है
उसकी माथे की बिंदी को, पसीने से भिगोया भी करो

आइनों के मानिंद, शज़र भी रुख बदलते हैं 
मुझसे मिलो या न मिलो, खुद से मिला भी करो

कुछ  देर, यूँ आँख बंद कर के सोया भी करो
किताब लिखते लिखते, कभी रोया भी करो

मुझे आता नहीं ख्वाबों की फेहरिस्त बनाना
कभी समंदर को दरिया में भिगोया भी करो

अब हँसते हुए नकली चहेरों की आदत है
रात जागती रहें और तुम रोया भी करो

लगता नहीं अब आयेग कोई मुझसे मिलने
मेरी आँखों को अपनी हथेलियों पर संजोया भी करो

कॉंच के जंगलों में शैतान रहते है 
आँखों को प्यालों में डुबोया भी करो

कुछ देर, यूँ आँख बंद कर के सोया भी करो
किताब लिखते लिखते, कभी रोया भी करो
@क्षितिज

Wednesday, 9 June 2021

रंगरेज़


 

रंगरेज़


बड़ा बे-मुरव्वत था आज का दिन,

की ये खबर आ गयी

वो मिलने गये थे किसी और से,

और उनको मेरी याद आ गयी।


तपिश थी उनके होठों की

जो मुझको जला गयी।

मंज़ूर था उनकी यादों में रहना

वो मुझे बे-परवाह बना गयी।


रंगरेज़ सा है बदन

मय के प्यालों सी नक्काशी

मेरे पैरहनों से सजे दरख्तों को

आइनों का जंगल बना गयी।


बड़ा बे-मुरव्वत था आज का दिन,

की ये खबर आ गयी

वो मिलने गये थे किसी और से,

और उनको मेरी याद आ गयी।


हैं निसार कई सूरतें

तेरी आँखों के रंगों पर

तू मुझसे मिले बिना ही

मुझे अपना सा बना गयी 


कुछ तो है बात

तेरी घर की खिड़कियों में

तेरे परदों से टकराती हवा

मुझे जुगनू बना गयी।


बड़ा बे-मुरव्वत था आज का दिन,

की ये खबर आ गयी

वो मिलने गये थे किसी और से,

और उनको मेरी याद आ गयी।


तू है पर्वतों से उतरती धूप

जो मुझे साया बना गयी

दरियाओं के समन्दर में

कश्तियों की महफ़िल सजा गयी।


तुझे भूलने की सजा कत्ल है

तू मुझे अपना रक़ीब बना गयी

मैं तुझसे जुदा हो न सकूँ

ऐसी तरकीब तू मुझे बता गयी।


बड़ा बे-मुरव्वत था आज का दिन,

की ये खबर आ गयी

वो मिलने गये थे किसी और से,

और उनको मेरी याद आ गयी।

@क्षितिज

Tuesday, 8 June 2021

।। राम ।।



।। राम ।।

कौन है भगवान राम

मेरे आँखों की ज्योति हैं भगवान राम
मेरे मन का उल्लास मेरा विश्वास हैं भगवान राम
मेरी भुजाओं का बल मेरे मन का संबल हैं भगवान राम
मेरे शरीर के प्राण मेरी सांसों की आस हैं भगवान राम
मेरा अभिमान मेरे धर्म का नाम हैं भगवान राम
मेरा अभिप्राय मेरे सनातन होने का पर्याय हैं भगवान राम
मेरा धर्म मेरा प्रत्येक कर्म हैं भगवान राम
मेरे मन की आकांशा मेरे ह्रदय की आशा हैं भगवान राम
मेरे रोम रोम में बसे मेरे ह्रदय में सजे हैं भगवान राम

मेरे हैं भगवान राम

मेरे जीवन का प्रताप मेरे मन का अनुराग हैं भगवान राम
मेरे धर्म की ध्वजा मेरे भारत की कथा हैं भगवान राम
मेरे मोक्ष का द्वार मेरे जीवन का सार हैं भगवान राम
मेरी भक्ति की शक्ति मेरा उल्लास मेरी प्रगति हैं भगवान राम
मेरे हनुमान की भक्ति मेरे लक्ष्मण की शक्ति हैं भगवान राम
मेरे आचरण में दिखते मेरे प्राणों में बसते हैं भगवान राम 
मेरे बालसखा मेरे स्वप्न की कथा हैं भगवान राम
मुझसे प्रतिदिन मिलते मुझे प्रतिदिन दिखते हैं भगवान राम
मेरे आराध्य मेरे सभी विकारों का साध्य हैं भगवान राम

हाँ मुझे पता है, कौन हैं भगवान राम
इस सृष्टि के कण कण में बसे है भगवान राम
।। जय श्री राम ।।

@क्षितिज


 

Sunday, 23 May 2021

मेरा रक़ीब



मेरा रक़ीब

मुझे मेरे रक़ीब से पूछना पड़ेगा,
तू मेरे साथ हैं 
या मुझे अकेले ही दुनिया से जूझना पड़ेगा

कब तक तेरी राह तकूँ, तुझे मुझसे मिलना पड़ेगा
रोज़ खोलता हूँ दिल की खिड़कियां,
मेरे ख्वाबों में तुझे मेरे साथ चलना पड़ेगा 

अक्सर समझ नहीं आता, क्या था गिला
परछाई था तू कभी मेरा,
अब तुझे उन बेरहम सायों में खोजना पड़ेगा

दरख्तों की लकीरें आसमानों तक पहुंचती
इस जंगल मे हमको सम्भल कर चलना पड़ेगा

मुझे मेरे रक़ीब से पूछना पड़ेगा,
तू मेरे साथ हैं 
या मुझे अकेले ही दुनिया से जूझना पड़ेगा

नदियों का पानी ये खारा सागर सोख लेता है
हमें आंखों को बन्द कर के ही रोना पड़ेगा

अभी उम्मीद है कि मेरी दुनिया खूबसूरत रहेगी
तुझे मुझसे फिर किसी न किसी मोड़ पर मिलना ही पड़ेगा

रक़ीब है रक़ीब था तू मेरा रक़ीब ही रहेगा
आंखों से दिल का रिश्ता, तुझे मुझमें तय करना ही पड़ेगा

मुझे मेरे रक़ीब से पूछना पड़ेगा,
तू मेरे साथ हैं 
या मुझे अकेले ही दुनिया से जूझना पड़ेगा
@क्षितिज

 

Saturday, 22 May 2021

सुन्दर ग़ज़लें

 


सुन्दर ग़ज़लें

जो बहुत सुंदर ग़ज़लें होती है
वो गाई या सुनाई नहीं जाती
किताबों के पन्नो में दफनाई जाती हैं

ढूढना पड़ता है, खोजना पड़ता है
तब वो दिखाई जाती है
सुखनवर अपने लहू से लिखते है,
उनमे स्याही नहीं लगाई जाती हैं ।

जो बहुत सुंदर ग़ज़लें होती है
वो गाई या सुनाई नहीं जाती

महसूस होती है अल्फ़ाज़ों की नक्काशी
वो मन्दिर की तरह सुंदर बनाई जाती है
मुहब्बत के रंग भर कर
भगवान की मूर्ति की तरह सजाई जाती है

मुझसे पूछ मेरे दिल का हाल
ये किसी और को नहीं बताई जाती है
जो बहुत खास होते है
ये उनसे भी छिपाई जाती हैं

जो बहुत सुंदर ग़ज़लें होती है
वो गाई या सुनाई नहीं जाती

नज़र लग जाती है इनको भी
काले टीके से सजाई जाती है
एक नुक़्ते की गलती कर के
बस यूँ ही अधूरी गुनगुनाई जाती हैं

जो बहुत सुंदर ग़ज़लें होती है
वो गाई या सुनाई नहीं जाती

अब कौन पढ़ता है इन ग़ज़लों को
बड़ी दुश्वारियाँ पाई जाती हैं
लफ़्ज़ों के हुनर को समझना कँहा मुमकिन
बड़ी रुसवाइयों से सिखाई जाती हैं

जो बहुत सुंदर ग़ज़लें होती है
वो गाई या सुनाई नहीं जाती

जो बहुत सुंदर ग़ज़लें होती है
वो गाई या सुनाई नहीं जाती
किताबों के पन्नो में दफनाई जाती हैं
@क्षितिज

Saturday, 24 April 2021

ज़िन्दगी



 ज़िन्दगी


क्या है ज़िन्दगी

तुझको न सोचूँ, तो बेमज़ा है ज़िन्दगी


तेरा मेरा साथ है ज़िन्दगी

तेरी हर एक बात है ज़िन्दगी

तुझसे मिली हुई हर मुलाकात है ज़िन्दगी

वो बारिश की रात है ज़िन्दगी

तेरा मेरे हाथों में हाथ है ज़िन्दगी

तुझसे वो पहली मुलाकात है ज़िन्दगी

तेरी आँखों की बरसात है ज़िन्दगी

मुझमें गूंजती तेरी हर आवाज़ है ज़िन्दगी

तेरे सुरों का साथ है ज़िन्दगी

तेरी आँखों की आस,

और मेरे सांसो की प्यास है ज़िन्दगी

मुझसे खफा और तुझसे वफ़ा है ज़िन्दगी

तुझसे संवरती और मुझमें बिखरती है ज़िन्दगी

क्या है ज़िन्दगी, कँहा है ज़िन्दगी

तू न हो तो बेमज़ा है ज़िन्दगी

तेरा नाम है ज़िन्दगी 

तुझसे जुड़ा मेरा हर अरमान है ज़िन्दगी


क्या है ज़िन्दगी

तुझको न सोचूँ, तो बेमज़ा है ज़िन्दगी


तेरी रातों की बात है ज़िन्दगी

मेरे दिन का आफताब है ज़िन्दगी

मेरे सपनों की रिहाइश,

तेरे अरमानों की फरमाइश है ज़िन्दगी

मुझसे पूछो तो तेरा ही नाम है ज़िन्दगी

मेरी तेरी आँखों की फरमाइशें,

तेरी मेरी साँसों की पैमाइशें है ज़िन्दगी

खूबसूरत सा ये तिलिस्म,

और मेरी बातों का ये जिस्म है ज़िन्दगी

तेरा हाथ न छुटे, मेरा साथ न छुटे

तेरे मेरे कदमों का ये सिलसिला है ज़िन्दगी

तेरे होठों पर मुस्कुराती मेरी वो आंखें

तेरा मुझे टूट कर चाहना है ज़िन्दगी

@क्षितिज

Friday, 12 February 2021

तुम्हारे ख़्याल

 



तुम्हारे ख़्याल


तुम ग़र साथ होती

तो रोज़ मैं एक नई ग़ज़ल लिखता

तुमको तुम कहता, या तुममें मैं रहता 


बताओ न तुम ग़र साथ होती

तो मैं क्या होता


मेरे ख्वाबों के इदारे तुझमें महकते

तेरे हाथों की रची मेहंदी से हम रातों को रंगते


तेरी आँखों का अपना एक आसमाँ होता 

तुम मैं होती या मैं तुम होता 


तुम ग़र साथ होती

तो मैं क्या होता


मैं फ़ाख्ता होता 

तो तू मेरी परछाई होती

हम मिलों तक चलते 

उस उफ़क पर हमारी रिहाइश होती


तुम ग़र साथ होती

तो मैं क्या होता


रंगीन मिज़ाजो का शहर

मेरी बस्तियों के सोग क्या जाने

ग़र तुम होती मेरे पहलू में सजी

तेरे दीवाने मुझसे पनहा मांगें


बताओ न तुम ग़र साथ होती

तो मैं क्या होता


तुम ग़र साथ होती

तो मैं फरिश्ता होता

जिस्मानी रूहानी आग का 

दरवेश या मसीहा होता


तुम ग़र साथ होती 

मखमली ख्यालों का पुलिन्दा होता

रत जगे यूँ होते की

सुबह का सूरज शर्मिन्दा होता


तुम ग़र साथ होती 

तो आइनों की दरकार न थी

ज़िन्दगी जीत लेते हम

फिर किसी जंग में हार न थी


तुम ग़र साथ होती

तो मैं मैं न होता

तेरी खुशबू के साये में

मेरी शरारतों का करिश्मा होता


तुम ग़र साथ होती

मेरा हमसफ़र ही मेरा दस्तूर होता 

ख्वाबों की पैमाइश में

ज़िन्दगी का सफर पूरा होता


बताओ न तुम ग़र साथ होती

तो मैं क्या होता


@क्षितिज

Sunday, 10 January 2021

फिरदौस





 फिरदौस


मैं चुपके से टूट गया
गिरता तो शोर होता
ख्यालों के इस जंगल मे
काश मेरा भी कोई फिरदौस होता

उससे मिलने का बहाना भी 
मेरी ज़िन्दगी का दस्तूर होता
मेरे ख्वाब हक़ीक़त में कब बदलते
काश की तू मेरी ग़ज़लों में मशहूर होता

मुझसे रवायतें संभलती नही उसकी 
मेरी खामोशियों का हर कोना फ़िज़ूल होता
वो पैबस्त करता है ख़ंजर मेरे दिल में
मेरे लहू का कतरा कतरा उसका ज़ुनूनु होता

अब सिफर है मेरी ज़िंदगी का सफर
मुझसे वो पहले मिलता तो कुछ और होता
मैं तस्सवुर भी करता हूँ तो सिर्फ उसका
यूँ कोई बिछड़ता, तो मेरी आदतों में मशगुल होता

मैं चुपके से टूट गया
गिरता तो शोर होता
ख्यालों के इस जंगल मे
काश मेरा भी कोई फिरदौस होता

लाल तेज़ाब महकता है मेरी सांसों में ग़र
तेरी रूह का मज़लूम क़ातिल मैं नही कोई और होता
अब उस हाफ़िज़ ने भी दुआ मांगी हैं 
तू नहीं तो कोई और, मेरा क़ातिल ज़रूर होता

मुझ पर बरसते रहे ये बादल हर मौसम
मेरे चाहने न चाहने से क्या, तेरा ग़म मेरा ग़म न होता
ज़िन्दगी की बिसात शतरंज सी न सही
शह और मात का खेल, तेरे मेरे बीच अब न होता

मुझ पर रही तेरी पर्देदारी की अज़मत
तेरा हर चेहरा मुझसे यूँ मिला जो होता
अब वक्त नहीं है हासिल-ऐ-मुहब्बत की तफ्तीश का
तू मेरा नही तो क्या, पर किसी और का तो होता

मैं चुपके से टूट गया
गिरता तो शोर होता
ख्यालों के इस जंगल मे
काश मेरा भी कोई फिरदौस होता
@क्षितिज