Sunday, 26 July 2020

हुस्ना





हुस्ना 

वो हुस्न की बारिश में नहाता रहा
और मैं उसको देख कर मुस्कुराता रहा

मेरा अंदाज़े बयां ही कुछ जुदा होगा
जो वो मुझसे यूँ ही इश्क फरमाता रहा

रात कटती रही वो गाता रहा
मेरे ख्वाबों में उसका चेहरा मुस्कुराता रहा

हाथ आते नही, कुछ अल्फ़ाज़ कभी
मैं उनको देख कर यूँ ही गुनगुनाता रहा 

यूँ न बदल मेरी तस्वीर, की तकदीर रोये
तुझसे मिलने के लिए, मैं तेरे घर आता रहा

वो हुस्न की बारिश में नहाता रहा
और मैं उसको देख कर मुस्कुराता रहा

आफ़तों की आदत है, मुझसे मिलना
मेरी परवाज़ में,हर बार एक समंदर आता रहा

मेरी दूरियां भी, बेपरवाह है तेरी तरह
वादों के जंगलों में, मैं आंखों के शीशे तराशता रहा

कभी हमने भी कुछ काफ़िये मिलाये थे, उन मिसरों के साथ
वो हम से सीख कर, हमको ही सिखाता रहा 

मैंने रात के जंगलों में, बातें की है बहुत
जब आसमान गीला था, तो वो मुझे सूरज दिखाता रहा

वो हुस्न की बारिश में नहाता रहा
और मैं उसको देख कर मुस्कुराता रहा

@क्षितिज

Thursday, 23 July 2020

तुम्हारे ख्याल






तुम्हारे ख्याल

एक साथ कई ख्यालों का आना भी ग़ज़ल है
तुम्हारा पलके झुका कर मुस्कुराना भी ग़ज़ल है

सितारों की बारिश में यूँ चाँद का छुप जाना
तेरा मेरे ख्यालों में गुनगुनाना भी ग़ज़ल है 

हम एक हो जाएं और ये धुंध हट भी जाये
मुझसे मिल कर तेरा, मेरा रक़ीब बन जाना भी ग़ज़ल है

तू हसरतों के पैमानों पर चाहत की शराब डाल दे
यूँ ज़िंदगी का, तेरी आंखों से छलक जाना भी ग़ज़ल है

मुझसे मिल कर मुझे ही भूल जाना 
यूँ गैरों की बाहों में हंस कर झूल जाना भी ग़ज़ल है

एक साथ कई ख्यालों का आना भी ग़ज़ल है
तुम्हारा पलके झुका कर मुस्कुराना भी ग़ज़ल है

तेरी आबो हवा तारी है, इस मौसम के रंगीन मिज़ाज़ में
यूँ भरी महफ़िल में तेरा, मेरे गले लग जाना भी ग़ज़ल है 

आहिस्ते आहिस्ते वो गर्मजोशी सर्द पड़ती गयी
उन सर्द रातों में, तेरी ज़ुल्फ़ों का लहराना भी ग़ज़ल है

हमें शिकवा नही, शिकायत है तुझसे
चिट्ठी लिखकर, तेरा जवाब न आना भी ग़ज़ल है

बेरहम सी ज़िंदगी में, मौत का मरहम है
तेरे कान्धे पर सर रखकर, मेरा सो जाना भी ग़ज़ल है

अब ग़ज़लों का सिलसिला रुकने न पाये
हम यूँ मिले की तू मेरी ग़ज़ल बन जाए
मेरी ज़िंदगी में, तेरा घर कर जाना भी ग़ज़ल है 

एक साथ कई ख्यालों का आना भी ग़ज़ल है
तुम्हारा पलके झुका कर मुस्कुराना भी ग़ज़ल है
@क्षितिज 

Monday, 20 July 2020

कागज़ के फूल





कागज़ के फूल

अब मैं रोज़ कँहा लिख पाता हूँ
अपना लिखा ही भूल जाता हूँ

कलम की ज़रदोज़ी से
कागज़ के फूल बना लाता हूँ

तेरी बातों को, तुझसे ही लिखवा लाता हूँ

अब मैं रोज़ कँहा लिख पाता हूँ

वो ज़हीन सी महक, मुझमे उतर आती है
जब सर झुका के, तेरे घर सज़दा कर आता हूँ

अब मैं रोज़ कँहा लिख पाता हूँ

मुझमें मेरा बहुत कुछ रखा हैं
तुझे बार बार कँहा बता पाता हूँ

तेरी ज़िंदगी की भाग दौड़ में
मैं अक्सर छूट जाता हूँ

अब मैं रोज़ कँहा लिख पाता हूँ

तू है बहुत तेज़
मैं बहुत धीरे चल पाता हूँ
अपने थके हुए चेहरे पर,
तेरे रंग की मुस्कान लगा लाता हूँ

अब मैं रोज़ कँहा लिख पाता हूँ

थक गया हूँ थोड़ा सो भी जाऊँ
आ तुझसे लग कर थोड़ा रो भी जाऊँ
लम्हो का हिसाब कँहा रख पाता हूँ
अब तुझे कई सालों में देख पाता हूँ 

अब मैं रोज़ कँहा लिख पाता हूँ

अब आ भी जा,
मुझे मेरे मतलब से मिलवा दे
तू आ मुझे मेरा पीर दिलवा दे
आंखों को नमी को होठो पर सजा दे

बस ये कहते हुए यूँ ही रो जाता हूँ
अब मैं रोज़ कँहा लिख पाता हूँ

@क्षितिज