Thursday, 14 December 2023

रूखसती

 


रूखसती


अब रुखसत करो शाम

रात को आने दो

मुझे तुमसे मिलना है 

अंधेरा तो हो जाने दो


है ये वही कमरा, दीवारों पर

खिड़कियों से सजा हुआ

पर्दे लगा दो बच्चों को 

बाहर जाने दो


उसने सजा रखा है दस्तरखान

मेरे जानिब

रोटियां तब ही गर्म बनेगी

उनको तो आने दो


मैं बेवजह दौड़ता हूं 

तख्तियां लिए पूरे दिन

अब थक गया हूं

मुझे उसके आगोश में जाने दो


बेवक्त की मौत

बेवजह नहीं मिलती

कोई तो ऐतबार करो

की कोई ख्याल सिरहाने दो


मिला था मैं उससे

हर रोज की तरह

दर्द की इन्तहा हुई

अब नब्ज़ डूब जाने दो


कोई आज़ाद हुआ

दर्द और वहम की दुनिया से

उसे याद करो और 

उसको भूल जाने दो


है अक्स का आइना

और तेवर नये नये 

तुम्हे संवर जाने दो

मुझे सुलझ जाने दो


रात की पैमाईश है

सिफर तक चलेगी

बात शुरू करो

उजाला हो जाने दो


अब रुखसत करो शाम

रात को आने दो

मुझे तुमसे मिलना है 

अंधेरा तो हो जाने दो


@क्षितिज #तुम्हारेख्याल

Wednesday, 4 October 2023

जंगल की अय्यारी


 जंगल की अय्यारी


बहुत दिनों से लिखा नहीं

अब लिखने की तैयारी है

शेर खा गया बकरी को

अब मेमने की बारी है


जंगल जंगल सांप चले

नदी की मछली से यारी है

चांद चढ़ गया सूरज पे

रात सुबह से भारी है


आग लगे तेरे दिल में

तू तितली बड़ी प्यारी है

पेड़ चढ़े थे कितने बन्दर

घड़ियालों की मीटिंग जारी है


कछुआ चले है खामोशी से

अब दौड़ जीतने की बारी है

लंगूरों से कह दो भईया

अंगूर नहीं ये नारी है


बड़ा भला था वो सपनो सा

खुशबू जंगल की अय्यारी है

पग पग पर जाल बिछा है

अब किसकी तैयारी है


शेर खा गया बकरी को

अब मेमने की बारी है


कह दो उनसे बड़े भले थे

घास फूस में रहते थे

पानी से फिर आग बुझा

धरती को सुख देते थे


उनकी बारी इनकी बारी

अब सबकी बारी है

बर्फ़ पिघलती है आंखों से

बस डूबने की तैयारी है 


जटा समेटे धरा पर लेटे

शिव के कोई पुजारी हैं

हाथ लगाओ चरण दबाओ

मोह पर भक्ति भारी हैं


नाम जप का प्रताप अनोखा

राधा लालजू की सखी प्यारी है

जो जप ले नाम राधा का

वो दुनिया पर भारी है


बहुत दिनों से लिखा नहीं

अब लिखने की तैयारी है

शेर खा गया बकरी को

अब मेमने की बारी है


क्षितिज@तुम्हारेख्याल

Tuesday, 5 September 2023

और तुम


 


और तुम


दो आदमी
धूप का साया
और तुम

वक्त की बात
रेल का साथ
और तुम

कत्ल की रात
तेरी मेरी बात
और तुम

तफ्तीश और सिपहासालर
राज़ का साथ
और तुम

कहानी क्या और 
क्या वारदात
कत्ल का सामान
और तुम

नब्ज़ तेरी
धड़कन मेरी
अश्कों का हिसाब
और तुम

बिखर गया 
मेरा कारोबार
सपनो का व्यापार
और तुम

अब आ भी जाओ
रो न यूं ज़ार ज़ार
ये मुस्कुराहटों का बाज़ार 
और तुम
क्षितिज@तुम्हारेख्याल

Thursday, 10 August 2023

रूबरू


 रूबरू


बहुत दिनों बाद उनसे रूबरू हुए

बात हुई

मुलाकात हुई

फिर रात हुई


दिए जले

आंखों के उजाले चले

बांहों की कसमसाहट में

फिर वही खुशबू साथ हुई

आज फिर मुलाकात हुई


था वो पूरा

मैं आधा

मुझसे न कोई बात हुई

खालीपन को भर रहा था

जब जब वो मेरे साथ हुई

आज फिर रात हुई


उस लाल रंग में 

वो शाइस्ता दिखता है

कमरे की रोशनी बेज़ार हुई

बैठे रहे चाय की प्याली से

उठे तो फिर होठों से मुलाकात हुई

आज फिर बात हुई


क्षितिज@तुम्हारेख्याल

Wednesday, 19 July 2023

फुर्सत

 


फुर्सत


फुर्सतों में भी कोई यूं ही खर्च हो जाता है

जब दिन उगता है वो मुझे बहुत याद आता है


कलाकारी है रात के गमलों की

चमेली का फूल चांद तारों की याद दिलाता है


मेरी रहगुजर तेरी रहमतों पर

कोई क्यूं बार बार आता है और चला जाता है

आज पटरी पर देखी थी वो गाड़ी

जिस पर सर रक्ख कर वो सो जाता है


अब बस भी कर उस ओर जाना

मकानों की इस कतार से वो कहाँ निकल पाता है

तेज नहीं बहुत तेज़ है जिन्दगी

जो संभलता नहीं वो अक्सर गिर जाता है


वो पानी है नदी के रेले की तरह

उसे कुछ भी समझाओ सब बह जाता है

छुरी चाकू से सब्जियां काटा करो

कुछ घरों में ये गर्दन काटने के काम आता है


तेज़ आवाज़ है घरों के किवाड़ों की

दिल का शोर दिल में ही रह जाता है


फुर्सतों में भी कोई यूं ही खर्च हो जाता है

जब दिन उगता है वो मुझे बहुत याद आता है

क्षितिज@तुम्हारेख्याल


Thursday, 25 May 2023

दिन का तीसरा पहर



 दिन का तीसरा पहर


एक स्याह सा गलियारा 

और परछाइयों का शहर

वक्त याद है मुझको 

और तुझको मेरा कहर


फंसे हुए पेंच और

वो नम आंखे

कटता था गला गुलाब से

और वो दिन का तीसरा पहर 


साइकिलों का तेज़ शोर

और मोटरों का सन्नाटा

गरीब कौन है यहां और

किस पर तेरी मैहर


बेअदबी का शिजरा

और बदमिजाज़ शागिर्द

तकलीफों से घिरा बादल

और वो जज्बातों की नहर 


सफेद स्याह पन्ने

और रंगीन दवातें

ग़ज़ल का शोर होना 

और खामोशियों का सहर 


वक्त मिलता नहीं यहां

और वक्त बिताने को

मैं उसकी दुआओं का जादू

और वो मेरी हसरतों का बहर


रख दूर उसे 

और जीतने के लिए 

दुनिया का ये फलसफा

और जिंदगी का ठहर 


नोट बिकते है यहां 

और रूह फना होती

बड़े अजीब है दोस्त

और दोस्ती का ज़हर 


एक स्याह सा गलियारा 

और परछाइयों का शहर

वक्त याद है मुझको 

और तुझको मेरा कहर


@क्षितिज


Saturday, 13 May 2023

कैक्टस के गमले



 कैक्टस के गमले


कोई कब कहां पहुंच जाए

किसी का कुछ पता नहीं

उसे अब याद मत कर

उसका कुछ पता नहीं 


सफेदी पर वो कालिख लगा

हंसती है मुस्काती है

मेरे बस डोर हाथ रही

पतंग गिरी कहां पता नहीं 


यूँ गलियों में निकल निकल

मिलना और बिछड़ जाना

चांद चौखट पर आया था

रात हुई कब पता नहीं


दिन का उजाला शाम सा

और रात चमकती थाली सी

मुझे वो महसूस हुई

उसका मुझको पता नहीं 


यूँ चली जाती है वो

जैसे रात घिरे रौनके

छिड़कती है दिल पर नमक 

सब्जी का कुछ पता नहीं 


बड़ी बड़ी सी आंखों में

सपना है या कस्तूरी भरा

सांस मिलाए नैन जुड़ाये

कब मिल जाए पता नहीं 


अच्छा अब तुम चुप रहो

बातों की हैं बात कई

शाल ओढ़े मफलर बांधें

वो आई है क्या पता नहीं 


कैक्टस के गमलों में

फूल खिला बरसों बाद

महका है वो तेज हवा से

कब मुरझाये पता नहीं


उसको मुझसे मिलवा दो

या याद हमारी दिलवा दो

तुमसे पूछे मुझको वो

कह देना कुछ पता नहीं 


कोई कब कहां पहुंच जाए

किसी का कुछ पता नहीं

उसे अब याद मत कर

उसका कुछ पता नहीं 

@क्षितिज

Saturday, 22 April 2023

सच्चा झूठ

 



सच्चा झूठ 

सच ओढ़ कर झूठ बोल रहा हूं
रख मय किनारे की मैं कुछ सोच रहा हूं 

सबाब है उन रूबाइयों का मुझ पर
जिंदगी के पन्ने तेरे नखरों से मोड़ रहा हूं

सोचा फिर की मिलूं या ना मिलूं
तेरे दिल को मेरे दिल से जोड़ रहा हूं

सच ओढ़ कर झूठ बोल रहा हूं

है पाक तेरा दुशाला पाकीज़गी तेरी फितरत
रहनुमाओं की ठोकरों में मुकद्दर खोज रहा हूं

अब तो याद नहीं क्या फितरत थी हमारी
मुसलसल जिंदगी को कांधे पर ढो रहा हूं

सच ओढ़ कर झूठ बोल रहा हूं
रख मय किनारे की मैं कुछ सोच रहा हूं 

रख नज़र सब पर दिये की माफिक
अंधेरा धकेलने को सूरज टटोल रहा हूं। 

वो बाज़ार की इनायत थी बिके हम भी
रंग और खुशबू को मुहब्बत से तौल रहा हूं

सच ओढ़ कर झूठ बोल रहा हूं

साइकिल पर टंगा वो रेशमी रुमाल
हवा को क्यूं उस ओर मोड़ रहा हूं

बस भी कर की ग़ज़ल पूरी न हो जाये
हर नुक्ते में तुझको ही खोज रहा हूं

सच ओढ़ कर झूठ बोल रहा हूं
रख मय किनारे की मैं कुछ सोच रहा हूं 
@क्षितिज

Saturday, 25 February 2023

तेरा मेरा



तेरा मेरा

कुछ ऐसा है जो बस तेरा है
कुछ ऐसा है जो बस मेरा है

उस मोड़ पर रखा वो पत्थर
अब न मेरा है न तेरा है

काँचो सा चुभता तेज़ नशा
वो चाय का प्याला महक भरा
तकिये की रुई हवा भरी
चादर वो सिमटी कँहा गयी 

मैं पंखे सा कमरे में डोलता हूँ
जब जब मैं आंखे खोलता हूँ
दरवाजे खिड़की सब बन्द रहे
जाने तुम फिर भी कँहा गये

अलमारी का वो कोना था
शीशे का कोई बिछोना था
आफत थी कि अब सोना था
रात चाँद को भिगोना था

आता है वो पर इसपार नहीं
कहता है सब पर बात नहीं
नीम की शाख है आम नही
अब तेरी मेरी बात नही

कुछ ऐसा है जो बस तेरा है
कुछ ऐसा है जो बस मेरा है

उस मोड़ पर रखा वो पत्थर
अब न मेरा है न तेरा है

पापड़ से खिचड़ी खा लूँगा
मैं तेरा गम भुला लूँगा
रख तेज़ कैंची हाथों में
कागज़ के ताले खुलवा लूँगा

गाड़ी में मैं अकेला था
दिल मे चाहत का मेला था
मुझसे हुई कोई मुलाकात नहीं
वो शहर बीत गया पर ये रात नहीं

कच्चा पक्का जैसा था
वो यार मेरा सच्चा था
गुठली से पेड़ निकल आया
पर प्यार मेरा अभी बच्चा था

बीते पल की अब बात कँहा
आने वाला दिलशाद कँहा
रूह की मिल्कियत है इतराना
मेरी उससे अब पहचान कँहा

कुछ ऐसा है जो बस तेरा है
कुछ ऐसा है जो बस मेरा है

उस मोड़ पर रखा वो पत्थर
अब न मेरा है न तेरा है
@क्षितिज 


 

Tuesday, 7 February 2023

वक़्त बेवक़्त

 



वक़्त बेवक़्त

अब तो वक़्त भी बेवक़्त आता है
कोई यूँ ही नहीं चला जाता है

बेखौफ बेपरवाह बदमिज़ाज़ सुबह थी वो
चाय के प्यालों के साथ अब अखबार कँहा आता है

रंगीन मौत ने सफेद ज़िन्दगी से यूँ हाथ मिलाया
की यार अब तू मुझे छोड़ कर कँहा जाता है

वक़्त बेवक़्त आता है

सख्त है मिज़ाज़ दोस्ती के यँहा
हाथ पकड़ कर हाथ छोड़ना उन्हें बखूबी आता है

ज़हर देकर मार देता तो अच्छा था
उसे मुझे गुनहगार बनाना आता है

बज जाये कोई सारंगी बाँसुरी की तरह
मुहब्बत को चेहरा बदलना खूब आता है

वक़्त बेवक़्त आता है

मैं गिर गिर कर संभल रहा था
उसे मुझे हर बार गिराना आता है

किताबें हिफाज़त से रखना सिरहाने पर
लफ्जों का बादल रोज़ ग़ज़ल नहीं बन पाता है

कागज़ कम है स्याही खर्चो बेहिसाब
कोई बार बार ऐसे कँहा पुकार पाता है

वक़्त बेवक़्त आता है

सफिनो में मेरी कारीगरी कुछ कम रही
क्यों आँखों मे मेरी वो तैर जाता है

राहत थी कि सुकूँ न था दिल में
बहता पानी ही समन्दर बन पाता है

वक़्त बेवक़्त आता है

अब बस भी कर की वो आ न जाये
कोई किसी को ऐसे भी कँहा बुलाता है

अब तो वक़्त भी बेवक़्त आता है
मुझे कोई यूँ ही नहीं चाहता है

@क्षितिज 


Monday, 23 January 2023

गर तुम कहो तो....

 


गर तुम कहो तो तुम्हे भूल जाऊं
यूँ फिर बार बार तुम्हे याद न आऊं

रख साफ अपनी आंखों के चश्मे
तेरे सपने अपनी आंखों में सजाऊँ

गर तुम कहो तो....

गर तुम कहो तो तुम्हे गले लगाऊँ
तेरी उलझी हुई ज़ुल्फ़ों को यूँ ही सुलझाऊँ

तुम बहती रहो नदी झरने समन्दर सी
मैं बादल बन कर छा जाऊँ

गर तुम कहो तो....

गर तुम कहो तो तुम्हारी नींद हो जाऊँ
तुम्हारे तकिये में छिपकर ग़ज़ल सुनाऊं

रात रेशमी रहे दिन इत्र जैसा
तेरी ओढ़नी बन कर मैं भी महक जाऊँ

गर तुम कहो तो....

गर तुम कहो तो एक आशियां बनाऊँ
रंग भरूँ प्यार का खुशियों का सामान सजाऊँ

सूरज का बल्ब लगाऊँ और चंदा की ट्यूबलाइट
मुफ्त की हंसी तेरी पलकों पर सजाऊँ

गर तुम कहो तो....

गर तुम कहो तो तुम्हे हर पल याद आऊँ
तुम्हारी मुसीबतों में तुम्हारे काम आऊँ

रख मुझे साथ तू यूँ अपने पास 
आइनों में मैं तेरा अक्स बन जाऊँ

गर तुम कहो तो....

गर तुम कहो तो तुम्हे भूल जाऊं
यूँ फिर बार बार तुम्हे याद न आऊं
@क्षितिज