तेरा मेरा
कुछ ऐसा है जो बस तेरा है
कुछ ऐसा है जो बस मेरा है
उस मोड़ पर रखा वो पत्थर
अब न मेरा है न तेरा है
काँचो सा चुभता तेज़ नशा
वो चाय का प्याला महक भरा
तकिये की रुई हवा भरी
चादर वो सिमटी कँहा गयी
मैं पंखे सा कमरे में डोलता हूँ
जब जब मैं आंखे खोलता हूँ
दरवाजे खिड़की सब बन्द रहे
जाने तुम फिर भी कँहा गये
अलमारी का वो कोना था
शीशे का कोई बिछोना था
आफत थी कि अब सोना था
रात चाँद को भिगोना था
आता है वो पर इसपार नहीं
कहता है सब पर बात नहीं
नीम की शाख है आम नही
अब तेरी मेरी बात नही
कुछ ऐसा है जो बस तेरा है
कुछ ऐसा है जो बस मेरा है
उस मोड़ पर रखा वो पत्थर
अब न मेरा है न तेरा है
पापड़ से खिचड़ी खा लूँगा
मैं तेरा गम भुला लूँगा
रख तेज़ कैंची हाथों में
कागज़ के ताले खुलवा लूँगा
गाड़ी में मैं अकेला था
दिल मे चाहत का मेला था
मुझसे हुई कोई मुलाकात नहीं
वो शहर बीत गया पर ये रात नहीं
कच्चा पक्का जैसा था
वो यार मेरा सच्चा था
गुठली से पेड़ निकल आया
पर प्यार मेरा अभी बच्चा था
बीते पल की अब बात कँहा
आने वाला दिलशाद कँहा
रूह की मिल्कियत है इतराना
मेरी उससे अब पहचान कँहा
कुछ ऐसा है जो बस तेरा है
कुछ ऐसा है जो बस मेरा है
उस मोड़ पर रखा वो पत्थर
अब न मेरा है न तेरा है
@क्षितिज

No comments:
Post a Comment