Sunday, 29 August 2021

भरत का भारत


भरत का भारत 


अघोषित युद्ध सा, समक्ष है कोई बुद्ध सा

प्रत्यक्ष न कोई प्रहार हो, परन्तु हाथ मे कृपाण हो

सारे मन्तव्य वो जानता, सबको है पहचानता

युद्ध है ये बुद्ध सा, तामसियों के विरुद्ध सा

यत्न और प्रयत्न बड़ा, धीर भी अधीर खड़ा


प्रहार पर प्रहार हो, अब तो जय जयकार हो

वृक्ष की छाया में, निशा की माया में

ज्ञान का फल मिले, सुपात्र को बल मिले

कृष्ण भी हों और राम भी, रावण का विनाश भी

यज्ञ हो अश्वमेघ सा, चक्रव्यूह अभेद सा


अर्जुन को कर्ण मिले, अभिमन्यु स्वछंद लड़े

कृष्ण गीता फिर रचे, राम फिर जन जन में बसे

यक्ष का प्रश्न हो, कृष्ण विराट रूप हो

समय काल दोष न दे, सती को वियोग न दे

शिव के कपाल से, गंगा के प्रसार से 


मोक्ष प्राप्त मनुष्य करे, ध्यान धीरज सुख धरे

समुद्र मन्थन तीव्र हो, विष धीर अमृत अधीर हो

तीक्ष्ण तीव्र ज्ञान से, मोह छुटे अभिमान से

सबका सब कुशल हो, मोक्ष भी सरल हो

प्रभु पाद पंकज में, सान्निध्य हो अयोध्या में 


सरयू में स्नान हो, रुद्र का जाप हो

आर्य पुत्र की जयकार से, त्रिदेवों के सत्कार से

वसुन्धरा के कष्ट मिटे, भरत का भारत सजे

अनन्त कोटि देवों से, सनातन के ब्रह्म लेखों से

विश्व की पिपासा मिटे, चाणक्य का अपमान कटे


गगन भी उद्वेलित हो, किवदंतियों की सहेली हो

भानु के प्रकाश से, धर्म के साम्राज्य से

प्राणियों में प्रेम हो, संकल्पों का केंद्र हो

केसरी ध्वज के योग से, जय भारत के उदघोष से

भरत की जय हो, भारत की विजय हो,

@क्षितिज