Thursday, 19 December 2019

मैं हूँ



मैं हूँ 

ख्यालों के रंग में रंगता शज़र हूँ
मैं कोई और नहीं, तुममें तुम्हारा सफ़र हूँ 

हज़ारों सितारों का, एक चाँद-घर हूँ 
आँखों से उतरता, वो अश्क़ बेखबर हूँ 

लिखने की जुगत में, पढ़ता बहुत हूँ
किताबों में रखा, वो खुश्बुओं का असर हूँ 

सरकती रातों का, उजला भंवर हूँ
सपनो में बनता, वो तिलिस्मी नगर हूँ 

ख्यालों के रंग में रंगता शज़र हूँ
मैं कोई और नहीं, तुममें तुम्हारा सफ़र हूँ 

सफीनों का साया, लहरों पर सिफ़र हूँ 
जज़्बातों की लहरों का, मैं गहरा बहर* हूँ   (*बहर - सागर)

मैं तुममें छुपा, तुम्हारा ही अक्स हूँ
रंगों की खुशबू में, महकता यादों का घर हूँ 

मसरूफ कम, महरूम इस कदर हूँ
मैं तुम्हारी नज़रों का, मुहब्बत भरा ख़त हूँ

ख्यालों के रंग में रंगता शज़र हूँ
मैं कोई और नहीं, तुममें तुम्हारा सफ़र हूँ 

- - क्षितिज

Friday, 13 December 2019

बालसखा



बालसखा 

मतभेद है मनभेद नही
मैं फिर मिल लूंगा तुमसे
संबंध मेरा ये विच्छेद नही 

तुमसे तुमको तुममें पाया 
तुमने ही ये रंग लगाया 
प्रेम भरे इस जीवन का
राग तुम्ही ने मुझे सुनाया
जीवन है ये कोई खेल नही

मृगमरीचिका से इस जीवन का
कौस्तुभ है अरण्य, दारुण सा 
देख शिखा की विभीषिका का
मन चंचल है तू जाने क्या 
सप्तरंगों का इंद्रधनुष है
कोई बच्चों की ये स्लेट नही 

मतभेद है मनभेद नही
मैं फिर मिल लूंगा तुमसे
संबंध मेरा ये विच्छेद नही 

आते जाते उस शीतल उपवन में
खेल रहे थे, सखा बने तुम
मेलजोल की बात थी सारी 
हमने भी कर दी कुछ अय्यारी
वो दृढ़ लक्ष्यों की बात थी सारी
झूठे सपनो की कोई रेल नही

समय लगेगा, सूझ बुझ से
मुझको मेरे मन से लड़ना 
सब बातों को ढंग से करना 
सीख जाऊँगा फिर तुमसे मिलना 
जीवन की इस उहापोह में
सखा तुम्ही हो और कोई नहीं 

मतभेद है मनभेद नही
मैं फिर मिल लूंगा तुमसे
संबंध मेरा ये विच्छेद नही

- - क्षितिज

Saturday, 7 December 2019

ख्यालों का रेला



ख्यालों का रेला

ख्यालों का रेला रुकता ही नही
मैं बार बार रौंदता हूँ, वो गूँधता ही नहीं

मुझसे करता है वो बेहिसाब मुहब्बत
मैं रोकता हूँ उसे, वो रुकता ही नहीं

हंसते चेहरों की वो झूठी मुस्कुराहट 
सब देखता हूँ, मुझसे कुछ छुपता ही नहीं

अब्र बरसा दे, कुछ शराब मुझ पर भी
आँखों से बहता नीर रुकता ही नही

बहुत कम में महक जाती है, दुनिया किसी की 
वो माहताब सी दुनिया, मैं आफ़ताब का होता ही नही 

मुझसे मेरा साकी परेशां भी है नादां भी
मेरा तिलिस्म उससे कटता ही नही 

मयकदा कह रहा है, अब आ भी जाओ 
परेशां आंखों का सपना, दिल में उतरता ही नही 

इतना कुछ है दुनिया में खुशबू से बना
तेरी खुशबू सा रंग, कंही मिलता ही नही 

ख्यालों का रेला रुकता ही नही
मैं बार बार रौंदता हूँ, वो गूँधता ही नहीं

- - क्षितिज 

Sunday, 1 December 2019

नई किताब


नई किताब

एक चेहरे को पढ़ते पढ़ते यूँ रह जाता हूँ
फिर पढ़ने के लिए उसको नया बना लाता हूँ

वो शजर यादों का महक उठा है तुमसे
यादों के रास्ते उसे अपने घर ले जाता हूँ

वक़्त लगता है चेहरे पढ़ने में मुझे
एक बार पढ़ लूँ तो समझ जाता हूँ 

नई किताब के पन्नो से झाँकती
उसकी वो सुर्ख आंखें 
दर्द छलकता है बहुत
पर आँसू सारे पी जाता हूँ 

मुझसे कहती है किसी की खामोशियाँ
वो चेहरे बहुत पढ़ती है 
बात करने के लिए उससे 
रोज़ उसके घर जाता हूँ 

मुझसे मिलना उसका शिद्दत से
गले लगाना भूल जाता हूँ 
हाथ थामे थामे ही सरे राह
अपने दिल का हाल बता जाता हूँ 

मुझसे मुतमइन है वो इतना 
की उलझ जाती है ज़िन्दगी
रंग साफ भी रहे तो क्या
मैं कालिख अपने दामन पर लगा लाता हूँ

मेरे हुनर से वाकिफ़ है वो बेसबब 
उसको सोच कर ही कुछ लिख पाता हूँ 
उसके रंग से रंग जाती है रौशनाई
अपने अशआर बस उसको ही सुना पता हूँ 

एक चेहरे को पढ़ते पढ़ते यूँ रह जाता हूँ
फिर पढ़ने के लिए उसको नया बना लाता हूँ

- - क्षितिज