मैं हूँ
ख्यालों के रंग में रंगता शज़र हूँ
मैं कोई और नहीं, तुममें तुम्हारा सफ़र हूँ
हज़ारों सितारों का, एक चाँद-घर हूँ
आँखों से उतरता, वो अश्क़ बेखबर हूँ
लिखने की जुगत में, पढ़ता बहुत हूँ
किताबों में रखा, वो खुश्बुओं का असर हूँ
सरकती रातों का, उजला भंवर हूँ
सपनो में बनता, वो तिलिस्मी नगर हूँ
ख्यालों के रंग में रंगता शज़र हूँ
मैं कोई और नहीं, तुममें तुम्हारा सफ़र हूँ
सफीनों का साया, लहरों पर सिफ़र हूँ
जज़्बातों की लहरों का, मैं गहरा बहर* हूँ (*बहर - सागर)
मैं तुममें छुपा, तुम्हारा ही अक्स हूँ
रंगों की खुशबू में, महकता यादों का घर हूँ
मसरूफ कम, महरूम इस कदर हूँ
मैं तुम्हारी नज़रों का, मुहब्बत भरा ख़त हूँ
ख्यालों के रंग में रंगता शज़र हूँ
मैं कोई और नहीं, तुममें तुम्हारा सफ़र हूँ
- - क्षितिज

No comments:
Post a Comment