तेरी खुश्बू के रिबन
हाँ, मैं बहुत कम
लिख पाता हूँ
बहुत कम
मैं बोल पता हूँ
मैं मुझमे ही रहकर
तुमको मैं बनाता हूँ
हाँ, मैं बहुत कम लिख पाता हूँ
उदासी को आंखों से
सपनो को बातों से
यादों की जुराबों को,
तुम्हारी ख्वाइशों के दरख्तों पर सूखा लाता हूँ
हाँ मैं बहुत कम लिख पाता हूँ
हाँ, मैं उससे उसको,
बटोर लाता हूँ
फिर ज़िंदगी के पहियों पर
रोज़ तेरी खुश्बू के रिबन बांध लाता हूँ
हाँ मैं बहुत कम लिख पाता हूँ
मुझमें तेरी वो,
सर्दियों की ठंड अब भी कैद है
रात भीगी सी कटी,
पर तकियों में भरी तेरी रुबाइयाँ अब भी नरम है
हाँ, मैं तुझको ही बस सोच पाता हूँ,
हाँ, मैं बहुत कम लिख पाता हूँ
मेरा अदना सा ख्वाब,
तेरे पैरों की जंजीर बन गया
मैं तुझमे भीगता रहा,
और तू मेरे ख्वाबों की तदबीर बन गया ।
तेरे सूखे हुए लफ़्ज़ों को,
अपने रंगों में भीगो लाता हूँ
हाँ, मैं बहुत कम लिख पाता हूँ ।
अब बेचैन नही होती मेरी रुबाइयाँ,
मुझसे छूट भी जाती है तेरी कलाइयाँ ।
जब नन्हे हाथों से वो पुकारती है,
तो बाहों में भरकर ख्वाबों में खो जाता हूँ |
हाँ, मैं बहुत कम लिख पाता हूँ ।
जज़्बातों के सफिनों को
हालातो पर छोड़ आता हूँ
हर आईने में कई अक्सों का शहर पाता हूँ
सूरत तो बदलती है पर सीरत नही ढूंढ पाता हूँ ।
हाँ, मैं बहुत कम लिख पाता हूँ ।
@क्षितिज

No comments:
Post a Comment